



भागलपुर लॉन टेनिस एसोसिएशन की ओर से सैंडिस कंपाउंड स्थित स्टेशन क्लब में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के अधिकारियों ने शहर में टेनिस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11 से 14 दिसंबर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।

एसोसिएशन के अनुसार 11 से 13 दिसंबर तक तीन दिवसीय टेनिस ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में दिल्ली और पटना से आए अनुभवी कोच युवा खिलाड़ियों और शुरुआती प्रतिभागियों को बेसिक टेक्निक, फिटनेस, फुटवर्क, स्ट्रोक सुधार और मैच टेम्परामेंट जैसी महत्वपूर्ण प्रशिक्षण विधियां सिखाएंगे।
14 दिसंबर को जिला स्तरीय टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विजेताओं को भागलपुर लॉन टेनिस एसोसिएशन की ओर से मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के प्रेसीडेंट, सेक्रेटरी और ट्रेज़रर ने बताया कि यह पहल शहर में ग्रासरूट स्तर पर टेनिस को मजबूत करने और भागलपुर को बिहार का प्रमुख टेनिस हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन, बिहार लॉन टेनिस एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त भागलपुर का एकमात्र अधिकृत संगठन है।
एसोसिएशन ने बच्चों, युवाओं और सभी टेनिस प्रेमियों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। साथ ही स्कूलों, परिवारों और उभरते खिलाड़ियों तक टेनिस के प्रचार-प्रसार में मीडिया से सहयोग की भी अपेक्षा जताई है।














