



,भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में वृद्धि देखी गई है, जिसके कारण जिले के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने ऐहतियातन कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
सभी प्रमुख गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि श्रद्धालु और आम लोग जलधारा के पास न जा सकें। प्रशासन ने घाटों पर निगरानी टीमों को तैनात किया है और नगर निगम तथा आपदा प्रबंधन की टीमों को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रशासन द्वारा सभी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा जा सके।













