



भागलपुर: नगर निगम के सफाई कर्मियों ने पिछले तीन दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रखी है। इस स्थिति को देखते हुए उप महापौर डॉक्टर सलाउद्दीन हसन के नेतृत्व में स्थाई समिति के सदस्यों ने नगर आयुक्त डॉ. प्रीति से मुलाकात की और हड़ताल को जल्द समाप्त कराने की अपील की।

स्थाई समिति के सदस्यों का कहना है कि भागलपुर में दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाई जाती है, और सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों के आसपास गंदगी का ढेर लगा हुआ है। इससे श्रद्धालुओं को पूजा करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सफाई कर्मियों से वार्ता कर हड़ताल समाप्त करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। नगर आयुक्त से मिलने वाले स्थाई समिति के सदस्यों में संजय कुमार सिंहा, डॉक्टर प्रीति शेखर, निकेश कुमार और रंजीत मंडल शामिल थे।













