



भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार की शाम एक जेबकतरे को यात्रियों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि यह घटना प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के बीच उस समय हुई जब एक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची और यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान एक चोर ने एक बच्चे के हाथ से चांदी का मठिया चोरी करने की कोशिश की।

बच्चे के शोर मचाने पर आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए चोर को पकड़ लिया और मौके पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में यात्रियों ने उसे जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन परिसर में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती व्यवस्था न के बराबर रहती है। वहीं जब इस घटना की जानकारी के लिए जीआरपी थाने से संपर्क किया गया तो उनका मोबाइल नंबर “आउट ऑफ कवरेज एरिया” बता रहा था।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यात्रियों ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
















