



भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र के साहू पर गांव में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय नयन कुमार की मौत हो गई। नयन कुमार, पिता रोहिण हरिजन, सुबह अपने घर से निकले ही थे कि लगभग एक किलोमीटर दूर तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि नयन मौके पर ही बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उन्हें कहलगांव सदर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने नयन को मृत घोषित कर दिया।

नयन कुमार पांच भाई-बहनों में इकलौते भाई थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे बाहर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है।













