



भागलपुर ।
भागलपुर के समीक्षा भवन में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रेक्षक, निर्वाचक सूची भारत खेड़ा की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2025 को लेकर राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने विशेष प्रेक्षक को जिले की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि भागलपुर जिले में कुल सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। पूर्व में जिले में 2263 मतदान केंद्र थे, जिन्हें 1200 मतदाताओं के आधार पर युक्तिकरण करते हुए 415 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 2678 हो गई है।

उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 11 लाख 12 हजार 155 पुरुष मतदाता, 10 लाख 46 हजार 58 महिला मतदाता और 104 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। इस तरह कुल मतदाता संख्या 21 लाख 58 हजार 317 है। जेंडर रेशियो 947 और ईपी रेशियो 0.56 है। प्रारूप प्रकाशन से पूर्व मतदाताओं की संख्या 24 लाख 414 थी, जबकि प्रारूप प्रकाशन में यह घटकर 21 लाख 55 हजार 802 हो गई। इनमें 11 लाख 10 हजार 458 पुरुष, 10 लाख 45 हजार 237 महिला और 107 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
प्रपत्रों की स्थिति बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रपत्र 6 के 20,544, प्रपत्र 7 के 8,705 और प्रपत्र 8 के 20,172 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका निष्पादन किया जा रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए विशेष प्रेक्षक भारत खेड़ा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता छूटे नहीं और कोई गलत मतदाता सूची में शामिल न रहे। उन्होंने कहा कि यदि कोई नाम छूट गया है तो प्रपत्र 6 भरकर अभी भी एक सितंबर तक जमा कराया जा सकता है। इसके बाद 25 सितंबर तक ईआरओ द्वारा सत्यापन होगा और 30 सितंबर 2025 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ईआरओ क्षेत्र में जाकर जांच करेंगे और आदेश पारित करेंगे। इस आदेश के खिलाफ जिला निर्वाचन पदाधिकारी के पास आपत्ति दी जा सकती है। साथ ही यह भी कहा कि प्राप्त होने वाले दावा-आपत्तियों की सूची प्रतिदिन निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।

विशेष प्रेक्षक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस संबंध में फीडबैक भी लिया और कहा कि प्रपत्र 6 सीधे ईआरओ कार्यालय में भी जमा किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि 31 अगस्त, रविवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने केंद्रों पर मौजूद रहकर प्रपत्र 6, 7 और 8 प्राप्त करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति की उम्र 17 वर्ष 3 माह हो गई है तो उसे भी प्रपत्र 6 भरने हेतु प्रेरित किया जाए।
प्रपत्र 6 के साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, वर्ष 2003 की मतदाता सूची में माता-पिता के नाम का प्रमाण और भारत का नागरिक होने की घोषणा पत्र संलग्न करना आवश्यक होगा।
बैठक की कार्रवाई धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुई।












