



नवगछिया के भवानीपुर थाना पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। यह शराब एक स्कॉर्पियो वाहन से बरामद की गई, जिसे नवगछिया से खगड़िया की ओर ले जाया जा रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भवानीपुर थाना की टीम ने एनएच-31 स्थित भगवान पेट्रोल पंप के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान नवगछिया की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 10 पीए 3652) को देखकर चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गया।

पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 162 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस संबंध में भवानीपुर थाना में कांड संख्या 122/25, धारा 30 (ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश में जुटी हुई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













