



नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर से भूमिहीन परिवार पर अत्याचार का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय बहुसंख्यक समुदाय के दबंगों ने एक भूमिहीन परिवार की बंदोबस्ती जमीन पर जबरन लकड़ी रखकर उनके घर आने-जाने का रास्ता पिछले आठ दिनों से पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया है। इतना ही नहीं, पीड़िता के परिवार को घर से भगाने और सामूहिक हत्या की धमकी भी दी जा रही है।

पीड़िता पूनम देवी, पति अर्जुन तांती, निवासी वार्ड संख्या-12, पहाड़पुर ने नारायणपुर अंचलाधिकारी, भवानीपुर थानाध्यक्ष समेत जिले के वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। लेकिन अब तक उन्हें कहीं से भी राहत नहीं मिली है।
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उनकी बंदोबस्ती जमीन हथियाने के उद्देश्य से दबंग कई बार उन पर हमला कर चुके हैं। इस संबंध में भवानीपुर थाना कांड संख्या 113/25 तथा 245/24 दर्ज है, परंतु पुलिस ने अब तक आरोपितों पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की।

पीड़िता के अनुसार, 2 नवंबर की रात गांव के जुलूम शर्मा (पिता स्व. कामेश्वर शर्मा), एतवारी शर्मा (पिता स्व. भूखन शर्मा) सहित अन्य लोगों ने जबरन उनके घर के सामने दर्जनों बोझा लकड़ी डालकर रास्ता बंद कर दिया। इससे परिवार का बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
गौरतलब है कि पहाड़पुर मौजा स्थित खाता संख्या 209, खेसरा संख्या 443, अंश 6 डिसमिल बंदोबस्ती जमीन पूनम देवी के नाम दर्ज है। वर्ष 2024–2025 व 2025–2026 का लगान रसीद भी उनके नाम से कट रहा है। नारायणपुर सीओ के जनता दरबार में इस विवाद की तीन सप्ताह तक सुनवाई हुई, लेकिन विपक्षी पक्ष एक बार भी साक्ष्य देने नहीं पहुंचा। इसके बाद सीओ ने पीड़ित के पक्ष में निर्णय दिया तथा सरकारी अमीन से पैमाइश कराकर सीमांकन भी कराया, जिसकी रिपोर्ट उपलब्ध है।
इसके बावजूद आरोपी जमीन पर कब्जे की मंशा से पीड़ित परिवार को लगातार धमका रहे हैं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि दबंगों ने खुलेआम सपरिवार हत्या की धमकी दी है, जिससे उनका परिवार भय और तनाव में जी रहा है।
मामले पर नारायणपुर सीओ विशाल अग्रवाल ने कहा कि रास्ता खाली कराने के लिए भवानीपुर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है। भवानीपुर थानाध्यक्ष पुअनि शंभू कुमार ने बताया कि अंचलाधिकारी के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही रास्ता पूरी तरह साफ कराया जाएगा।
पीड़ित परिवार न्याय और सुरक्षा की मांग कर रहा है, जबकि प्रशासन और पुलिस अब सक्रिय होकर कार्रवाई में जुट गई है।













