



नवगछिया । बिहपुर थाना क्षेत्र के बिहपुर चौक के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर गुलचरण शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के तेरासी गांव निवासी स्वर्गीय मोहन शर्मा के 45 वर्षीय बेटे गुलचरण शर्मा के रूप में हुई है। उनके बेटे दीपक कुमार ने बताया कि गुलचरण शर्मा बिहपुर थाना क्षेत्र के कहारपुर गांव स्थित अपने ससुराल गए थे। सोमवार को उन्होंने अपनी पत्नी और बेटे को ऑटो से घर भेजा और खुद बाइक से अकेले घर लौट रहे थे। बिहपुर चौक के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचित किया। गंभीर रूप से घायल गुलचरण को तुरंत भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजन बताते हैं कि गुलचरण शर्मा ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे हैं।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। हाइवा चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।















