


नवगछिया पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये मूल्य की आधा किलो ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की माही कुमारी और नवगछिया निवासी गुंजन कुमार शामिल हैं। दोनों को पुलिस ने नवगछिया के महाराज जी चौक के पास से पकड़ा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नियमित जांच के दौरान एक महिला संदिग्ध हालत में दिखाई दी। शक के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर जब उसके लेडीज़ पर्स की तलाशी ली गई, तो उसमें एक सेलिब्रेशन चॉकलेट के डिब्बे में छुपाकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह यह नशीला पदार्थ मालदा से बस के माध्यम से कटिहार होते हुए नवगछिया लाई थी, जहां उसकी मुलाकात गुंजन कुमार से हुई।
दोनों नवगछिया बाजार की ओर टोटो से जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि ब्राउन शुगर की यह खेप रंगरा थाना क्षेत्र के साहू टोला भवानीपुर में किसी तस्कर को सौंपनी थी। पुलिस ने महिला के पास से तीन मोबाइल फोन और गुंजन के पास से एक मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद किया है।
इस मामले में नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है। नवगछिया पुलिस के लिए यह दूसरी बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इससे पहले 18 अगस्त को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बिहपुर थाना क्षेत्र में जांच अभियान चलाकर अवध असम एक्सप्रेस से उतरने के बाद एक एक्सयूवी 300 से जा रही दो महिलाओं सहित तीन तस्करों को दो किलो ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था।
लगातार हो रही इस तरह की बरामदगियों से स्पष्ट है कि नवगछिया और आसपास के क्षेत्र नशीली दवाओं के तस्करी के लिए एक अहम रूट बनते जा रहे हैं। पुलिस ने इस पर सख्त निगरानी रखने और तस्करी पर नकेल कसने का दावा किया है।













