



भागलपुर। सतर्कता जागरूकता अभियान सप्ताह के उपलक्ष्य में बिहार ग्रामीण बैंक, भागलपुर (क्षेत्रीय कार्यालय) के तत्वावधान में सोमवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, मायागंज में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बैंक के कर्मियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

क्षेत्रीय प्रबंधक पुरुषोत्तम कुमार घोष के नेतृत्व में क्षेत्रीय कार्यालय और शाखाओं के सदस्य इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर न केवल जरूरतमंद लोगों की मदद करते हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और मानवता की भावना को भी बढ़ाते हैं।

शिविर में लगभग 20 व्यक्तियों ने रक्तदान किया और साथ ही स्वास्थ्य जांच का लाभ भी लिया। रक्तदान के साथ-साथ उपस्थित कर्मचारियों और नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और परामर्श भी दिया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, बल्कि समाज में स्वास्थ्य सुरक्षा और सतर्कता के संदेश को भी लोगों तक पहुंचाना था। बैंक प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया और भविष्य में इस प्रकार के सामुदायिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया।
















