



भागलपुर : बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार शनिवार को भागलपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को लेकर एक बड़ा बयान दिया।
सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा, “अगर निशांत कुमार को राजनीति में आने का शौक है, तो उन्हें जरूर आना चाहिए। हम सभी उनका स्वागत करेंगे। वह एक पढ़े-लिखे और योग्य युवक हैं, और अगर वह राजनीति में कदम रखते हैं, तो यह जनसेवा की दिशा में एक अच्छा कदम होगा।”

उन्होंने निशांत कुमार के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं भी दी। मंत्री ने इस मौके पर यह भी कहा कि निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री बिहार की जनता के लिए एक सकारात्मक बदलाव ला सकती है, और वह आने वाले समय में जनहित में कई कार्य कर सकते हैं।
मंत्री प्रेम कुमार का यह बयान राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परिवार का विशेष स्थान रहा है और अब उनके बेटे निशांत कुमार के बारे में यह बयान एक नई दिशा का संकेत दे सकता है।













