



भागलपुर। सच ही कहा गया है कि श्रद्धा ज्ञान देती है, नम्रता मान देती है और योग्यता स्थान दिलाती है, लेकिन जब ये तीनों गुण एक साथ हों तो व्यक्ति को हर जगह सम्मान प्राप्त होता है। इसी कथन को साकार करते हुए आज भागलपुर के टाउन हॉल स्थित गरिमामयी प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षक सह मास्टर ट्रेनर श्री अमरनाथ झा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में आदरणीय जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त सहित जिले के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा शिक्षक अमरनाथ झा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
श्री अमरनाथ झा विगत कई वर्षों से मास्टर प्रशिक्षक के रूप में कार्य करते आ रहे हैं। वर्तमान में वे रामकृष्ण आश्रम मध्य विद्यालय, भागलपुर में कार्यरत हैं। उन्होंने मतदान दल के सदस्यों, कर्मियों एवं पदाधिकारियों के प्रशिक्षण हेतु अनेक उपयोगी वीडियो तैयार कर चुनाव कार्य में अपनी उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता सिद्ध की है।

उनके द्वारा बनाए गए प्रशिक्षण वीडियो विगत पांच वर्षों से जिला प्रशासन, भागलपुर के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध हैं, जो निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मियों के लिए मार्गदर्शक के रूप में उपयोग किए जा रहे हैं। उनके इस योगदान की सराहना करते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया, जिससे शिक्षा जगत सहित जिले के अन्य कर्मियों में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है।













