



नवगछिया : बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को आयोजित एक जनसभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता को संबोधित किया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
सभा के दौरान अचानक एक स्थानीय युवक “मैदान नहीं तो वोट नहीं” लिखे पोस्टर के साथ सामने आ गया और प्रदर्शन करने लगा। इस पर उपमुख्यमंत्री ने उसे भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से पहल करेगी और शीघ्र समाधान निकाला जाएगा।

अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने बिहार सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले भागलपुर से पटना पहुंचने में सात घंटे का समय लगता था, लेकिन अब यह यात्रा मात्र तीन घंटे में पूरी हो रही है। इसी प्रकार पटना से मुजफ्फरपुर की दूरी भी अब मात्र एक घंटे में पूरी की जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरियों का जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिखाया गया है। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजद के शासनकाल में हत्या, अपहरण और लूट जैसी घटनाएं आम थीं, लेकिन अब कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है।
चौधरी ने यह भी बताया कि खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन परियोजना की टेंडर प्रक्रिया जारी है और इस कार्य को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
सभा स्थल पर उपमुख्यमंत्री के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे और विकास योजनाओं को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी व्यक्त कीं।













