



भागलपुर। प्राथमिक कन्या विद्यालय मानिकपुर में शनिवार को अभिभावक सह शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और बदलती व्यवस्था को देखकर ग्रामीण और अभिभावक मंत्रमुग्ध हो गए।
भारतीय जीवन बीमा निगम भागलपुर में कार्यरत मानिकपुर निवासी प्रतीक कुमार सिन्हा ने विद्यालय के सभी 73 बच्चों को विद्यालय परिधान के अंतर्गत एक जोड़ी जूते और मोजे प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षा सेवक बिनोद कुमार चौधरी ने किया।
बातचीत के दौरान प्रतीक कुमार सिन्हा ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के दुर्गा मंदिर आने पर उनकी मुलाकात शिक्षक अमरनाथ झा से हुई थी। उस समय विद्यालय में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम चल रहा था। बाद में उन्हें अभिभावक सह शिक्षक संगोष्ठी में आमंत्रित किया गया। विद्यालय पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक प्रतिनियोजित शिक्षक और एक शिक्षा सेवक के सहयोग से बच्चे बड़े अनुशासन में अपनी गतिविधियों में व्यस्त थे।

सिन्हा ने कहा कि बच्चों के पैरों में किसी के पास जूते थे, किसी के पास चप्पल भी नहीं। तभी उनके मन में ख्याल आया कि बच्चों के लिए कुछ किया जाए। उन्होंने कहा कि इसका पूरा श्रेय अमरनाथ झा को जाता है, जिन्होंने उन्हें बच्चों से रूबरू कराया और प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतीक कुमार सिन्हा और उनकी पत्नी प्रमीशा कुमारी ने बच्चों की प्रतिभा को सम्मानित करने का सौभाग्य प्राप्त किया। उन्होंने विद्यालय की नवनियुक्त प्रधान शिक्षिका ऋद्धिमा सहाय और पूरे विद्यालय परिवार का आभार जताते हुए कहा कि सचमुच अब बिहार में सरकारी विद्यालय बदल रहे हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे प्रतिदिन बच्चों को विद्यालय भेजने का माहौल बनाएं ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ राज्य का नाम भी रोशन कर सकें।













