



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में 152-बिहपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिहपुर प्रखंड के बभनगामा में राधा महिला जीविका ग्राम संगठन की दीदियों द्वारा शुक्रवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मेंहदी प्रतियोगिता, नैतिक मतदान की शपथ और कैंडल मार्च का आयोजन किया। साथ ही मशाल जुलूस निकालकर ग्रामीणों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। जीविका दीदियों ने आम लोगों से लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करते हुए 11 नवंबर 2025 को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

जागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि जीविका संगठन के सहयोग से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे और प्रत्येक वोट का योगदान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर सके।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को निष्पक्ष और निर्भय होकर मतदान करने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से दूर रहने का संदेश दिया गया। दीदियों द्वारा लिए गए इस संकल्प ने क्षेत्र के वातावरण में चुनावी उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया है।
















