


भागलपुर। बिहपुर एनडीए कार्यालय में रविवार को भाजपा नेताओं ने विकसित भारत रोजगार आजीविका मिशन (भीबी जी राम जी) को लेकर प्रेसवार्ता की। इस अवसर पर बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक ई० शैलेंद्र भी मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए नवगछिया भाजपा जिला मंत्री व भीबी जी राम जी के प्रभारी रूपेश रूप ने कहा कि प्रति ग्रामीण परिवार मिलने वाले अकुशल मजदूरी रोजगार की कानूनी गारंटी को साल में 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। किसानों की चिंताओं को दूर करने के लिए राज्यों को बुआई और कटाई के मौसम के दौरान 60 दिनों तक कृषि कार्य विराम घोषित करने का अधिकार भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह विराम सालाना 125 दिनों की कानूनी गारंटी को प्रभावित नहीं करेगा और इससे किसानों व श्रमिकों के हितों में संतुलन बना रहेगा।

श्री रूप ने बताया कि मोदी सरकार ने यूपीए शासन के दौरान मनरेगा के मुकाबले चार गुना अधिक बजट उपलब्ध कराया है। मनरेगा में मजदूरों के बजाय ठेकेदार और मशीनों से काम कराया जाता था, जिसे सुधारने के लिए 23 राज्यों में व्यापक जांच के बाद जी राम जी योजना लायी गई है। उन्होंने कहा कि मोबाइल जीपीएस के माध्यम से कार्यों का पता चलेगा और हर हफ्ते काम की जानकारी आम लोगों के बीच सार्वजनिक होगी। वर्ष में दो बार पंचायतवार जांच के साथ ही एआई तकनीक द्वारा गड़बड़ियों की भी निगरानी की जाएगी।

विधायक शैलेंद्र ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में जी राम जी एक मजबूत नींव है। इसके प्रचार-प्रसार के लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव, टोले-टोले में जाकर आम लोगों और श्रमिकों को इस योजना की पूरी जानकारी देंगे।

इस मौके पर नवगछिया पुलिस जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, मंडल अध्यक्ष ब्रजेश चौधरी, दिलीप महतो, बाल्मिकी मंडल, दिलीप सिंह, रंजीत गुप्ता, सौरभ सावर्ण, चिंटू कुमार, अजय उर्फ माटो और रंजन चौधरी सहित कई भाजपा नेता उपस्थित थे।















