



भागलपुर : बिहपुर विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा प्रत्याशी कुमार शैलेंद्र ने इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए क्षेत्र की राजनीति में नया संदेश दिया है। उनकी इस प्रभावशाली विजय के साथ उनकी छोटी पुत्री कोमल कृति पूरे अभियान के दौरान केंद्र में रहीं। चुनावी प्रचार में उनकी सक्रिय भूमिका चर्चा का विषय बन गई है।

चुनावी दौरे के दौरान कोमल कृति ने सादगी, आत्मीयता और सहज संवाद शैली से लोगों के बीच गहरी पहचान बनाई। गांव-गांव आयोजित सभाओं में उनके भाषणों ने मतदाताओं को प्रभावित किया। उनकी वाणी में आक्रामकता के बजाय संवेदनशीलता और जनसेवा की स्पष्ट झलक थी, जिसने लोगों के मन में सकारात्मक छाप छोड़ी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोमल कृति का प्रभाव सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं और बुजुर्गों ने भी उनके सरल और मिलनसार व्यवहार की सराहना की। चुनाव अभियान में उनकी भूमिका इतनी प्रभावी रही कि क्षेत्र में उन्हें भविष्य के नेतृत्व के रूप में देखने की चर्चा तेज हो गई है।
कुमार शैलेंद्र की जीत के बाद पार्टी नेताओं के साथ-साथ आम मतदाताओं ने भी कोमल कृति की मेहनत और सक्रियता की प्रशंसा की। लोगों का मानना है कि अगर नई पीढ़ी इसी तरह जनसेवा की राह अपनाती रही, तो क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने कोमल कृति को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें वही ऊर्जा और सेवा भावना प्रदान करता रहे, जिसकी झलक पूरे चुनाव अभियान में देखने को मिली।
















