



नवगछिया ।
बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के सचेतक ई. शैलेंद्र ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण विकास को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन मंत्री को सौंपा। मुलाकात के दौरान विधायक के साथ उनकी पुत्री कोमल कृति भी उपस्थित थीं।

विधायक ई. शैलेंद्र ने ज्ञापन के माध्यम से बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित सभी शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में केंद्रीय हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में बुनियादी ढांचे और शैक्षिक सुविधाओं की गंभीर कमी है। इन विद्यालयों में पर्याप्त कक्षाओं, बेंच-डेस्क, ब्लैकबोर्ड, शौचालय, समुचित भवन, पेयजल एवं खेल सुविधाओं का अभाव है, जिसे शीघ्र दूर किया जाना आवश्यक है।
विधायक ने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विद्यालय की स्वीकृति प्रदान कर उन्हें क्रियान्वित एवं सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस पहल करने की भी मांग रखी। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय अथवा रेलवे स्कूल की स्थापना से स्थानीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बड़ा लाभ मिलेगा।

इसके अतिरिक्त विधायक ने आग्रह किया कि विद्यालयों की अवसंरचना को मजबूत करने और शिक्षण वातावरण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का विस्तार उनके निर्वाचन क्षेत्र के विद्यालयों तक किया जाए। उन्होंने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता एवं स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध भी किया।
विधायक ई. शैलेंद्र की मांगों पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित एवं प्रभावी पहल करने का भरोसा दिलाया।













