



नवगछिया मद्य निषेध एवं उत्पाद पुलिस ने बुधवार दोपहर लगभग 1 बजे इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक बोलेरो (रजिस्ट्रेशन संख्या — बीआर 11 जी 9023) से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से बोलेरो चालक को भी गिरफ्तार कर लिया।

नवगछिया मद्य निषेध थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शराब को प्लास्टिक की सात बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। जांच में कुल 119.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार बोलेरो चालक की पहचान सहरसा जिला निवासी ऋषि कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब में शामिल हैं —
- रॉयल चैलेंज व्हिस्की 375 एमएल के 240 बोतल
- रॉयल स्टैग व्हिस्की 375 एमएल के 48 बोतल
- आफ्टर डार्क ब्लू 180 एमएल के 62 बोतल

इन सभी की कुल मात्रा 119.160 लीटर पाई गई है।
मामले में मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार चालक ऋषि कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है।
















