


भागलपुर में आज देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम कांग्रेस के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवासीय कैंप कार्यालय में आयोजित किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता चिक्कू, मिंटू कुरैशी, राजेश सिंह, अभय आनंद, सोइन अंसारी सहित कई अन्य नेताओं ने भाग लिया। सभी ने इंदिरा गांधी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी भारत की सबसे सशक्त और दूरदर्शी नेताओं में से एक थीं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल कीं। कहलगांव एनटीपीसी और बरौनी रिफाइनरी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं उनकी ही देन हैं, जिन्होंने देश के औद्योगिक विकास को नई दिशा दी।
अजीत शर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इंदिरा गांधी के आदर्शों, उनकी राष्ट्रसेवा और उनके संकल्पों को आत्मसात करते हुए समाज व देशहित में कार्य करें।

















