


भागलपुर सहित आसपास के गंगा घाटों पर बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सोमवार की सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। इस विशेष दिन को भगवान बुद्ध के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है, जिसे लेकर बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों के लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
भागलपुर के प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी बिहार और झारखंड से हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे। विशेष पूजा-अर्चना के साथ ही देश और दुनिया में शांति, खासकर भारत-पाकिस्तान के बीच शांति स्थापना की प्रार्थना की गई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय थाना अध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल द्वारा मंदिर परिसर और गंगा घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। हालांकि भीड़ अधिक होने के कारण कई जगहों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुद्ध पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर भागलपुर ने एक बार फिर आस्था, संस्कृति और समर्पण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
