



भागलपुर। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश के दामोह स्थित क्षेत्रीय केंद्र सीसीआरटी (केंद्रीय सांस्कृतिक संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र) में आयोजित 10 दिवसीय कार्यशाला में भागलपुर की शिक्षिका मनीषा कुमारी राम ने बिहार का प्रतिनिधित्व कर जिले का गौरव बढ़ाया।

यह कार्यशाला विद्यालयी शिक्षा में ‘आर्ट’ (ART) एवं ‘क्राफ्ट’ को शामिल करने की भूमिका पर आधारित थी, जिसमें देश के सात राज्यों से कुल 68 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। बिहार से 10 शिक्षकों का प्रतिनिधि मंडल इस कार्यशाला में शामिल हुआ, जिसका नेतृत्व भागलपुर जिले के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कमरगंज में कार्यरत शिक्षिका मनीषा कुमारी राम ने किया।

कार्यशाला के दौरान मनीषा कुमारी राम ने न केवल विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर बिहार की ओर से प्रस्तुति दी, बल्कि अपनी नित्य प्रतिभा और गायन कला के माध्यम से बिहार की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने वहां उपस्थित शिक्षकों और आयोजकों को प्रभावित किया और बिहार की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
भागलपुर की शिक्षिका द्वारा राज्य स्तर पर नेतृत्व किए जाने पर जिले के शिक्षकों और शैक्षणिक समुदाय ने उन्हें बधाई दी। कई शिक्षकों और पदाधिकारियों ने उनके योगदान को सराहते हुए शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे ही उपलब्धियों की कामना की।













