



पुरानी रंजिश में हमला, पुलिस के लिए बनी पहेली
भागलपुर: बाराहाट से भागलपुर की ओर आ रही एक यात्री बस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कुछ युवकों ने बस में चढ़कर एक युवक बमबम की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले के बाद बमबम गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उठाया और तत्काल एंबुलेंस मंगवाकर पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया।

स्थिति गंभीर होने पर बमबम को भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर किया गया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल पहुंचने के बाद वह बिना इलाज कराए ही वहां से गायब हो गया।
घायल बमबम ने बताया कि दो दिन पहले उसके गांव में कुछ युवकों के साथ कहासुनी और मारपीट हुई थी। उसी विवाद को लेकर बस में उस पर हमला किया गया। बमबम ने बताया कि वह अपनी बहन के घर सन्हौली से भागलपुर होते हुए कटिहार जा रहा था, तभी यह घटना हुई।
घटना के बाद बमबम के परिजन भी कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब वह गंभीर रूप से घायल था तो वह अस्पताल से इलाज कराए बिना क्यों भागा? क्या वह किसी अन्य विवाद में खुद भी शामिल था या फिर किसी डर के कारण अस्पताल छोड़कर चला गया?

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की गुत्थी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। हमलावर कौन थे, हमला क्यों हुआ, और बमबम के फरार होने के पीछे की असली वजह क्या है—इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।













