


नवगछिया : कटिहार–बरौनी रेलखंड पर शनिवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना कटरिया स्टेशन और कोशी ब्लॉक हट के बीच चापर गेट के समीप की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवध–आसाम एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15910) से लगभग 40 वर्षीय एक महिला अचानक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कटरिया रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को दी।
सूचना मिलते ही कटरिया स्टेशन मास्टर ने नवगछिया जीआरपी और आरपीएफ को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंगरा में भर्ती कराया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंगरा में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे मायागंज स्थित भागलपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।














