



नवगछिया : साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें साइबर अपराधियों द्वारा एक युवक के बैंक खाते से 69,885 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। मामले को लेकर पीड़ित ने साइबर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार खरीक थाना क्षेत्र के चोरहर गांव निवासी सुखदेव सिंह के पुत्र दीपक कुमार ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उसका खाता आईडीबीआई बैंक में है, जिसमें कुल 70,297 रुपये जमा थे। 18 फरवरी को फोन-पे के माध्यम से खाते की राशि जांच करने पर उसे पैसों की निकासी की जानकारी मिली।

इसके बाद जब उसने बैंक के मोबाइल ऐप से खाते का विवरण निकाला, तो पाया कि उसी दिन अलग-अलग किस्तों में कुल 69,885 रुपये की निकासी कर ली गई है। पीड़ित के अनुसार यह निकासी उसकी जानकारी और अनुमति के बिना की गई, जिससे वह साइबर ठगी का शिकार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें तथा संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।














