



नवगछिया : खरीक बाजार स्थित चैती दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित श्री श्री 1008 सूर्य भगवान यज्ञ का शुभारंभ धार्मिक श्रद्धा और भक्ति भाव के बीच विधिवत रूप से किया गया। यज्ञ के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन नवगछिया मुख्यालय के पुलिस आरक्षी उपाधीक्षक मनोज सुमन ने किया। इस अवसर पर कथा वाचक पूज्य महाराज भारद्वाज जी, निरंजन साह बभनगामा सहित यज्ञ समिति के सभी पदाधिकारी एवं स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है तथा लोगों के बीच आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है।

यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि यज्ञ के दौरान नियमित रूप से पूजा-पाठ, हवन और धार्मिक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज के श्रद्धालु भी भाग ले रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में समिति के जयंत चौधरी, अशोक साह, परशुराम सहित सभी पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग यज्ञ में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ उठा रहे हैं।














