
नवगछिया। गोसाई गांव के समीप 14 नंबर सड़क पर अचानक गीदड़ के सामने आ जाने से मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान रंगरा प्रखंड के मदरौनी गांव निवासी स्वर्गीय इंदेश्वरी सिंह के पुत्र रंजन सिंह तथा पंकज सिंह के पुत्र गोपाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक मोटरसाइकिल से 14 नंबर सड़क होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान गोसाई गांव के समीप अचानक एक गीदड़ सड़क पर आ गया। गीदड़ से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार किया।














