



भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड के चांदपुर गांव से अंधविश्वास से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पड़ोसियों ने एक पूरे परिवार को डायन बताकर बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना में कई लोग घायल हो गए।
पीड़िता रूमा देवी ने बताया कि उनके बेटे की कटोरी गलती से पड़ोसी के ट्रैक्टर की टोली में चली गई थी, जिसे उनकी बेटी निकाल रही थी। इसी दौरान पड़ोसियों ने उनकी सास पर डायन होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर पूरे परिवार पर हमला कर दिया गया। हमले के दौरान रूमा देवी के पति का गला दबाया गया और उनके बुजुर्ग ससुर को भी बुरी तरह पीटा गया।

पीड़िता की सास ने कहा कि जब उनकी पोती कटोरी निकाल रही थी, तभी पड़ोसी महिला सरिता देवी ने उन पर आरोप लगाया कि वे ट्रैक्टर में जादू-मंत्र कर रही हैं, जिसकी वजह से ट्रैक्टर नहीं चलता। इसके बाद पूरे परिवार को निशाना बनाया गया।
पीड़ित परिवार के पुत्र पंकज कुमार पोद्दार ने बताया कि घटना की शिकायत थाने में करने के बाद आरोपियों की ओर से दबाव बनाया जाने लगा कि वे समझौता कर लें। विरोध करने पर धमकी दी गई कि उन पर रेप का झूठा केस दर्ज करा दिया जाएगा। न्याय की मांग को लेकर पूरा परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई।

ग्रामीणों का कहना है कि अंधविश्वास के नाम पर हो रही ऐसी घटनाएं समाज को कलंकित कर रही हैं। प्रशासन को इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं।













