



देवघर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शुक्रवार शाम दो दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। उनके आगमन पर एयरपोर्ट पर तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ा और गाजे-बाजे की धुनों के बीच बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं ने नड्डा का अभिवादन किया।

एयरपोर्ट से नड्डा सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ उन्होंने समीक्षा बैठक की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, पूर्व मंत्री राज पलिवार, रणधीर सिंह, पूर्व विधायक नारायण दास, भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शनिवार सुबह जेपी नड्डा बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद ठाढ़ी दुलमपुर स्थित भाजपा के नव-निर्मित जिला कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे।
नड्डा के इस दौरे को संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे देवघर सहित आसपास के जिलों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।














