5
(1)

नवगछिया अनुमंडल के ढोलबज्जा क्षेत्र को प्रखंड का दर्जा देने की मांग को लेकर मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने नवगछिया प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कृष्णन को ज्ञापन सौंपा। यह क्षेत्र भागलपुर, पूर्णिया और मधेपुरा – तीन जिलों की सीमाओं से सटा हुआ है, जो इसे विशेष रणनीतिक और प्रशासनिक महत्व प्रदान करता है।

उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार द्वारा भागलपुर जिले में नए प्रखंडों के गठन की प्रक्रिया आरंभ की गई है। इसी क्रम में नवगछिया बीडीओ से ढोलबज्जा को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई थी। इस सूचना के बाद से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में प्रखंड निर्माण को लेकर आशा जगी है।

प्रतिनिधिमंडल में ढोलबज्जा पंचायत के मुखिया सच्चिदानंद यादव, सरपंच सुशांत कुमार, कुमार रामानंद सागर, प्रशांत कुमार कन्हैया, दुखभंजन कुमार, दिवाकर भूषण, संजय प्रसाद, शशि पोद्दार, राजकिरण जायसवाल, शक्ति शेखर सिन्हा, चंद्रशेखर मंडल, पवन गुप्ता, मुकेश शर्मा, क्रांति यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ढोलबज्जा की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या घनत्व, प्रशासनिक दूरी और सीमावर्ती स्थिति को देखते हुए इसे प्रखंड का दर्जा दिया जाना आवश्यक है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में काफी समय और संसाधनों की खपत होती है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता और विकास कार्य प्रभावित होते हैं।

इस अवसर पर नवगछिया अंचलाधिकारी संतोष कुमार सुमन, वार्ड सदस्य, शिक्षक, समाजसेवी और अन्य जागरूक नागरिक भी उपस्थित थे, जिन्होंने ढोलबज्जा को प्रखंड बनाए जाने के पक्ष में समर्थन व्यक्त किया।

नवगछिया बीडीओ गोपाल कृष्णन ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सौंपा गया ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। नए प्रखंड सृजन से संबंधित सभी जानकारियों को संकलित कर विभाग को भेजा जाएगा, ताकि सरकार इस पर यथोचित निर्णय ले सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: