



भागलपुर। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में दीवारों पर टाइल्स में लगी देवी-देवताओं की तस्वीरों को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में डीईओ कार्यालय पहुंचे और इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस तरह की घटना से आम लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
घटना को लेकर डीईओ कार्यालय परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से स्पष्ट और ठोस कार्रवाई का आश्वासन देने की मांग की।

पूरे मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि डीईओ कार्यालय परिसर में नव-स्थापित जिला स्कूल भी संचालित किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए नव-स्थापित जिला स्कूल के प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया गया है कि कार्यालय में लगी सभी मूर्तियों और देवी-देवताओं की तस्वीरों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर सम्मानपूर्वक स्थापित कराया जाए।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति या समुदाय की धार्मिक भावना आहत न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत है और प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।














