0
(0)

नवगछिया समेत पूर्वोत्तर भारत के यात्रियों को मिलेगी बेहतर रेल सुविधा

नवगछिया : यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने डिब्रूगढ़ और गोमतीनगर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू करने की घोषणा की है। यह ट्रेन कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, छपरा और गोरखपुर होते हुए चलेगी, जिससे बिहार और पूर्वोत्तर भारत के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

18 जनवरी को प्रधानमंत्री ने गाड़ी संख्या 05949 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन कर हरी झंडी दिखाकर संचालन का शुभारंभ किया था। अब इसका नियमित संचालन शुरू हो गया है। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 15949/15950 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर–डिब्रूगढ़ अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन डिब्रूगढ़ से 30 जनवरी से प्रत्येक शुक्रवार को और गोमतीनगर से 1 फरवरी से प्रत्येक रविवार को किया जाएगा।

यह ट्रेन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त गैर-वातानुकूलित प्रीमियम श्रेणी की होगी और इसमें कुल 22 कोच शामिल होंगे। कोच संरचना में आठ शयनयान, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक पैंट्रीकार और दो एलएसएलआरडी कोच हैं।

समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15949 डिब्रूगढ़ से शुक्रवार रात 21:00 बजे प्रस्थान करेगी। यात्रा के दौरान यह कटिहार (19:20), नवगछिया (20:15), खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी होते हुए तीसरे दिन हाजीपुर, सोनपुर, छपरा और गोरखपुर में ठहरेगी और दोपहर 13:30 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 15950 गोमतीनगर से रविवार 18:40 बजे रवाना होगी और छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार होते हुए तीसरे दिन डिब्रूगढ़ पहुंचेगी।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित परिचालन से नवगछिया सहित कोसी-सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिलेगी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्र के यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: