



भागलपुर : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित मिर्जाचौकी चेक पोस्ट का निरीक्षण किया।

दोनों अधिकारियों ने चुनाव के मद्देनजर चल रहे सघन वाहन जांच अभियान का निरीक्षण किया और चेक पोस्ट पर की जा रही कार्यवाही की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने चेक पोस्ट पर संधारित पंजी का भी अवलोकन किया और जांच कार्य में पारदर्शिता तथा सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की सीमा से अवैध शराब, नकदी या चुनावी सामग्री के आवागमन पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा संदिग्ध वाहनों की पूरी तरह जांच की जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव अशोक कुमार मंडल और डीसीएलआर कहलगांव मो. सरफराज नवाज भी उपस्थित थे।
















