



भागलपुर : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान तिथि से पहले की गई व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने मध्य विद्यालय रिफातपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 392 और 393 सहित अन्य कई केंद्रों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं जैसे बिजली, पेयजल, शौचालय और रौशनी की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव अशोक कुमार मंडल, और पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता कहलगांव मो. सरफराज नवाज भी उपस्थित थे।

















