5
(1)

भागलपुर ।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के साथ-साथ मत प्रतिशत में वृद्धि के उद्देश्य से बुधवार की संध्या 6 बजे जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अगुवाई में डीआरडीए परिसर से मशाल जुलूस निकाला गया।

यह मशाल जुलूस डीआरडीए परिसर से आरंभ होकर घंटाघर, भागलपुर तक पहुंचा। जुलूस में स्वीप कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, डीआरडीए निदेशक दुर्गा शंकर सहित समाहरणालय भागलपुर एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बार भागलपुर की जनता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करेगी। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

जिलाधिकारी ने लोगों से आग्रह किया कि वे मतदान अवश्य करें, क्योंकि इसमें अधिक समय नहीं लगता। सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा मतदाताओं की सहायता के लिए आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगी ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर पुरुष और महिला मतदाताओं के लिए अलग-अलग पंक्ति की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजनों और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।

अंत में जिलाधिकारी ने कहा – “सिर्फ एक मिनट, एक उंगली और पांच साल की दिशा तय करें। सभी नागरिक मतदान अवश्य करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।”

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: