5
(1)

भागलपुर। सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम सहित शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बिहार और झारखंड के हजारों श्रद्धालु सुबह से ही पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान करने के लिए पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ दीपदान और पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।

कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश होता है। खासकर कुमारी कन्याएं इस महीने भर व्रत रखकर कार्तिक पूर्णिमा के दिन उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाती हैं, फल-प्रसाद अर्पित करती हैं और दीपदान करती हैं ताकि उन्हें मनोनुकूल वर की प्राप्ति हो सके।

इस शुभ अवसर पर अनेक श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी करवाया। वहीं, कांवरिया भक्तों ने गंगा जल भरकर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती को अर्पित किया तथा परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गंगा घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई, साथ ही गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमों को भी सतर्क रखा गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासन की ओर से स्नानार्थियों के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सहायता जैसी आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी।

पूरा सुल्तानगंज क्षेत्र हर-हर गंगे और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आस्था से परिपूर्ण हो गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: