



भागलपुर। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक 25 वर्षीय विवाहिता द्वारा कीटनाशक दवा खाकर जान देने की दुखद घटना सामने आई है। मृतका की पहचान अमर कुमार मंडल की पत्नी कुसुम देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुसुम देवी की सास सरिता देवी ने पोता-पोतियों के लिए टिफ़िन तैयार करने को कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया गया कि विवाद के बाद कुसुम देवी अपने कमरे में गईं और गुस्से में आकर कीटनाशक दवा खा ली। कुछ ही देर बाद उल्टी होने पर जब वह कमरे से बाहर आईं, तब परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

घायल अवस्था में कुसुम को परिजन तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। लगभग 18 घंटे तक चले उपचार के बावजूद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पति अमर कुमार मंडल ने बताया कि वह सब्जी बेचने का काम करते हैं और देर रात लगभग 4 बजे घर लौटते हैं। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे, इसलिए उन्हें पूरी जानकारी नहीं है कि कुसुम ने दवा क्यों खाई। उन्होंने यह भी कहा कि मां सरिता देवी ने केवल बच्चों का टिफ़िन तैयार करने को कहा था, शायद गुस्से में कुसुम ने यह कदम उठा लिया।

दूसरी ओर, मृतका के मायके वालों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह आ त्मह त् या नहीं, बल्कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर कुसुम की हत्या की है। मृतका के भाई ने बताया कि दो महीने पहले भी कुसुम के साथ मारपीट व उत्पीड़न का मामला सामने आया था, जिसके बाद सामाजिक लोगों की मौजूदगी में पंचायत कर मामला सुलझाया गया था। उन्होंने कहा कि दो महीने बाद एक बार फिर विवाद हुआ और सोमवार को उन्हें खबर मिली कि कुसुम की तबीयत खराब है। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक कुसुम की मौत हो चुकी थी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मायके पक्ष के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है।














