


नवगछिया:
दोहरे हत्याकांड मामले में मृतक नीरज कुमार के भाई श्याम मंडल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। श्याम मंडल खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के भौरकाठ गांव निवासी स्वर्गीय अनिल मंडल के पुत्र हैं।
दर्ज प्राथमिकी में परवत्ता थाना क्षेत्र के बोड़वा निवासी देवो मंडल, उसकी पत्नी संजो देवी, पुत्र अखिलेश उर्फ रूबल, मिथलेश, सुशील, नीतीश, देवो मंडल का भतीजा धर्मवीर मंडल तथा गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईगांव निवासी विजय मंडल सहित 10 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है।
श्याम मंडल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका भाई नीरज कुमार चार मार्च को अपने साथियों आदेश उर्फ अजय कुमार और गुलशन कुमार के साथ हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से होली खेलने के लिए इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के चंडीस्थान स्थित गुलशन कुमार के ससुराल गया था। वहां गुलशन कुमार पहले से मौजूद था।
उन्होंने बताया कि उसी दिन रात करीब आठ बजे नवगछिया के एक पुलिस पदाधिकारी से सूचना मिली कि अजय कुमार को सीने में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए भागलपुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर वे गांव के लोगों के साथ मायागंज अस्पताल, भागलपुर पहुंचे, जहां घायल अजय कुमार ने घटना की पूरी जानकारी दी।
अजय कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्त गुलशन कुमार की मौसेरी साली, बोड़वा निवासी देवो मंडल की पुत्री सविता कुमारी से फोन पर बातचीत करता था। सविता कुमारी के साथ होली खेलने के लिए वह नीरज कुमार और गुलशन कुमार के साथ गुलशन के ससुराल स्थित सविता कुमारी के घर पहुंचा था। वहां मौजूद आरोपितों ने तीनों को गांव में ही घेरकर मारपीट की।
अजय कुमार के अनुसार आरोपितों ने यह कहते हुए कि “लड़की से मिलने आता है, इन तीनों को जान से मार दो”, देवो मंडल के आदेश पर अखिलेश उर्फ रूबल, मिथलेश, सुशील, नीतीश और धर्मवीर मंडल अपने आठ-दस सहयोगियों के साथ अंधेरा होने पर तीनों को बोड़वा से उठाकर नवगछिया के तेतरी दुर्गा मंदिर के पास एक केले के बागान में ले गए। वहां तीनों को गोली मार दी गई।
गोली लगने के बाद अजय कुमार किसी तरह जान बचाकर मुख्य सड़क की ओर भागा, जहां स्थानीय पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और इलाज के लिए भागलपुर भेजा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा नामजद और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।














