



पति ने लगाई पत्नी और बच्चों की सकुशल वापसी की गुहार
भागलपुर। जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरधो गांव से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां दृष्टिहीन महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ एक युवक के साथ फरार हो गई। मामला 28 जुलाई का है, जब सरधो निवासी बिट्टू दास की पत्नी चंदा देवी को एक युवक जिले के घंटाघर चौक के पास से अपने साथ लेकर चला गया।

बताया जा रहा है कि चंदा देवी ने कुछ समय पहले लोन के रूप में 90 हजार रुपये उठाए थे। पीड़ित पति बिट्टू दास ने आरोप लगाया है कि उसी पैसे के लालच में सरधो गांव निवासी विजय यादव का भांजा मुकेश यादव उनकी पत्नी और बच्चों को अपने साथ ले गया। बिट्टू दास ने बताया कि उनकी पत्नी दृष्टिहीन है और वे खुद उसे खाना बनाकर खिलाते थे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपने बच्चों का लालन-पालन किया है।

बिट्टू ने कहा कि मुकेश यादव एक नशे का आदी युवक है और वह किसी भी हद तक जा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि पत्नी और बच्चों की जान को खतरा हो सकता है। घटना के बाद से मुकेश यादव भी अपने घर से फरार है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
पीड़ित पति ने डाक के माध्यम से भागलपुर एसएसपी और हरिजन थाना को एक लिखित आवेदन भेजकर मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उनकी पत्नी और बच्चों को सकुशल वापस लाया जाए। इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में कई सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर एक दृष्टिहीन महिला को युवक क्यों भगाकर ले जाएगा — क्या यह प्रेम का मामला है या फिर किसी साजिश की कड़ी?













