


भागलपुर : हसडीहा मुख्य मार्ग पर डफरपुर गांव के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर गांव निवासी करम मंडल का पुत्र दिलखुश कुमार अपने साथी सुमित कुमार के साथ ट्रैक्टर का तेल लाने के लिए मोती हाट स्थित पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाराहाट प्रखंड के आकागोड़ा गांव निवासी शुभम कुमार की गाड़ी से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिलखुश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित कुमार और शुभम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस हादसे की सूचना जैसे ही दिलखुश के परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी है। युवक की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।












