



नवगछिया : थानाबिहपुर में ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेंस कांग्रेस की शाखा का गठन किया गया। इस अवसर पर शाखा के विभिन्न पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से घोषणा की गई। डॉ. विदेश सिंह को शाखा अध्यक्ष चुना गया, जबकि पिंटू कुमार को शाखा कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। शाखा उपाध्यक्ष पद पर अफोज आलम, चंदन कुमार, रणवीर कुमार रमण और उपचंद्र मंडल का चयन किया गया। रामबालक यादव को शाखा सचिव बनाया गया, वहीं सुशील कुमार को संयुक्त सचिव तथा कुंदन कुमार, सिकंदर यादव, सुदिन सिंह और कन्हैया कुमार को सहायक सचिव नियुक्त किया गया। कोषाध्यक्ष का दायित्व सुशील कुमार को सौंपा गया तथा शाखा मीडिया प्रभारी के रूप में सत्येंद्र कुमार को मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम में यूनियन के कई केंद्रीय एवं मंडलीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें केंद्रीय पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार, संयुक्त महासचिव पंकज सिंह, सहायक महासचिव संजय राय, मंडल संयोजक यूथ संजय कुमार, सोनपुर यात्रिक शाखा के अध्यक्ष प्रभात मणि और सचिव ओम प्रकाश राय, सोनपुर मुख्यालय शाखा के अध्यक्ष नारद प्रसाद साह, बरौनी शाखा के अध्यक्ष रंजीत कुमार तथा पप्पू कुमार सहित बरौनी यात्रिक शाखा के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने श्रम कानून 2025 पर विस्तार से चर्चा की और कर्मचारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। संयुक्त महासचिव पंकज सिंह ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ सेवा करने की अपील की, ताकि संगठन भविष्य में सदैव उनके साथ खड़ा रह सके। कार्यक्रम को नव निर्वाचित शाखा सचिव रामबालक यादव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर सभी चयनित पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही यूनियन पदाधिकारियों द्वारा कुछ प्रमुख मुद्दों पर प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें यूपीएस और एनपीएस को रद्द कर ओपीएस बहाल करने, तथा लाइट्समैन समूह के कर्मचारियों की कार्य अवधि आठ घंटे निर्धारित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।














