5
(1)

भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर फोरलेन सड़क पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक निजी विद्यालय की बस अचानक सामने आए तेज रफ्तार वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रही पीरपैंती थाना की गश्ती टीम हरकत में आई। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने वाहन से पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार ने सभी बच्चों की प्राथमिक जांच कर उपचार दिया। राहत की बात यह रही कि अधिकतर बच्चों को केवल हल्की चोटें आईं और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। वहीं एक बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

स्कूल बस चालक ने बताया कि वह परसबनना गांव से बच्चों को छोड़कर जगदीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार वाहन आ गया। चालक के अनुसार, ब्रेक लगाने की कोशिश में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उसका कहना है कि हादसा सामने से आ रहे वाहन की लापरवाही का नतीजा है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर फोरलेन पर तेज रफ्तार, लापरवाही और स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: