



भागलपुर – गनगनिया पंचायत के वार्ड संख्या चार के बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने मुआवजा राशि नहीं मिलने के विरोध में सोमवार को दुर्गा स्थान के समीप एनएच-80 को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि उन्हें बाढ़ राहत के तहत सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि अब तक नहीं मिली है।
ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड सदस्य और अंचलाधिकारी (सीओ) रवि कुमार द्वारा मुआवजा की राशि देने के एवज में प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि जब बाढ़ में सब कुछ डूब गया है और घरों में पानी भरा है, तो वे रिश्वत में पैसे कहां से लाएं।

बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने सीओ और स्थानीय थाना अध्यक्ष से भी इस संबंध में बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंततः, न्याय की गुहार न सुनने पर उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
सड़क जाम करीब तीन घंटे तक जारी रहा, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। भीषण गर्मी में राहगीर और स्थानीय लोग परेशान होते रहे। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि इतनी देर तक इंतजार करने के बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
इस दौरान हजारों की संख्या में बाढ़ पीड़ित लोग सड़क पर डटे रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।













