



नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ी मकनपुर गांव में बीती रात एक घर में चोरी की कोशिश कर रहे चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, रहीना खातून के घर में देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक चोरी कर रहा था। इसी दौरान गृहस्वामी ने उसे देख लिया और विरोध किया।

विरोध करने पर चोर ने धारदार हथियार से गृहस्वामी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और चोर को पकड़ लिया। बाद में ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
चोर की पहचान पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के कुंदन कुमार मंडल के रूप में हुई है। पीड़िता रहीना खातून ने घटना को लेकर थाने में आवेदन दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
















