



भागलपुर जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत आईरा गांव में घरेलू विवाद के दौरान बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ विवाद को सुलझाने पहुंचे चाचा ने भतीजे सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों की जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित उदय मंडल के घर में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घर में हो-हल्ला सुनकर चाचा नागेंद्र मंडल अपने पुत्रों कपिल, प्रिंस, देव और अन्य लोगों सहित करीब नौ लोगों के साथ वहाँ पहुँचे। पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और चाचा तथा उसके पुत्रों ने तलवार और चाकू से हमला करते हुए परिवार के आठ सदस्यों को बुरी तरह घायल कर दिया।

घायलों में उदय मंडल, उनकी मां उष्मा देवी, पुत्र सोनू, गुरुदेव मंडल, राजकुमार मंडल सहित कुल आठ लोग शामिल हैं। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घायल राजकुमार ने बताया कि घर में मामूली विवाद चल रहा था। तभी चाचा नागेंद्र मंडल अपने बेटों के साथ पहुंचे और पहले बहस की, फिर अचानक हमला कर दिया। किसी का सिर फट गया तो किसी के मुंह पर चाकू से वार किया गया।
मारपीट के बाद सभी पीड़ित धोरैया थाना पहुंचे, जहाँ से पुलिस ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए धोरैया अस्पताल भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर सभी को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद सुलझाने के नाम पर चाचा नागेंद्र मंडल ने दिन में तीन बार जबरन मारपीट की। उन्होंने नरदेव मंडल, कपिल मंडल, सुमित मंडल, प्रिंस कुमार, देव कुमार सहित आठ लोगों पर हमले का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि इलाज के बाद वे इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराएंगे। घरेलू विवाद के बीच हुई इस घटनाक्रम ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया है, जबकि गांव में भी इस घटना को लेकर तनाव का माहौल है।
















