



भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र अंतर्गत पोटिया गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तीन दिन से लापता युवक अरुण कुमार राय का शव गेरूवा नदी से बरामद हुआ। युवक के शव की पुष्टि होते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार राय तीन दिन पूर्व अपने घर से बाजार किसी आवश्यक कार्य के लिए गए थे। उस समय गेरूवा नदी में पानी का स्तर सामान्य था, लेकिन लौटते समय नदी में अचानक तेज बहाव आ गया। ग्रामीणों के अनुसार, उसी दौरान अरुण नदी पार करने के प्रयास में बहाव में फंस गए और डूब गए।
परिजनों ने घटना के तुरंत बाद से अरुण की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। तीन दिन तक लगातार खोजबीन के बावजूद अरुण का पता नहीं चल पाया। अंततः रविवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में एक शव को तैरते देखा, जिसकी पहचान बाद में अरुण कुमार राय के रूप में की गई।
सूचना मिलते ही सन्हौला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
युवक की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन पूरी तरह से टूट चुके हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

















