



दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
भागलपुर। गोराडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो गोतिया के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक पक्ष से पांच लोग और दूसरे पक्ष से चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना को लेकर एक पक्ष के राम प्रसाद यादव ने आरोप लगाया कि उनके गोतिया अधिक यादव, मुकेश यादव और अजीत यादव जबरन उनके हिस्से की जमीन पर घर का निर्माण कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। राम प्रसाद यादव ने बताया कि उन्होंने पूर्व में इस संबंध में थाना में आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो यह घटना नहीं होती और लोग घायल नहीं होते।

वहीं दूसरे पक्ष के अधिक यादव ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित डेढ़ बीघा जमीन उन्होंने अपने सभी भाइयों के साथ मिलकर नकद खरीदी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके चाचा राम प्रसाद यादव ही जबरदस्ती उसी जमीन पर घर बनाना चाहते थे, जिसको लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













