



नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड के गोसाईगाँव स्थित मध्य विद्यालय प्रांगण (बजरंगबली स्थान, गंगा किनारे) में श्री श्री 108 श्रीमद्भागवत मधुर कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान 5 अक्टूबर 2025 से 12 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।

आयोजन समिति के अनुसार 5 अक्टूबर की सुबह 8 बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएँ और पुरुष भाग लेंगे। गंगा तट से जल भरकर कलश यात्रा निकाली जाएगी और पूरे गाँव का वातावरण भक्तिमय माहौल में सराबोर होगा।
कथा का शुभारंभ भी 5 अक्टूबर से होगा, जिसे प्रसिद्ध कथाव्यास स्वामी प्रभाकर दर्शन अपने मधुर वचनों से प्रस्तुत करेंगे। पूरे आठ दिनों तक चलने वाली इस कथा में श्रीमद्भागवत पुराण के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्तों की महिमा और धर्म के गूढ़ रहस्यों पर प्रकाश डाला जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि आसपास के गाँवों से भी बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल होने की संभावना है। कथा के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन और संध्या आरती का आयोजन होगा, जिससे वातावरण आध्यात्मिकता और भक्ति रस से परिपूर्ण रहेगा।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।














