



भागलपुर में जीवन जागृति सोसाइटी द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोसाइटी के अध्यक्ष एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार सिंह ने एक नई और रचनात्मक पहल की है। उन्होंने खुद एक गीत लिखा है, जो युवाओं को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करता है।
इस गीत को तैयार करने में दीपक ने तकनीकी सहयोग दिया है, जबकि वीडियो में ओम और शिवम ने बेहतरीन नृत्य प्रदर्शन किया है। वीडियो की फोटोग्राफी रजनीश द्वारा की गई है। यह वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि पहले भी उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए हेलमेट पहनने की अपील की, लेकिन युवाओं में अपेक्षित जागरूकता नहीं आ पाई। उन्होंने कहा, “जब यूट्यूब पर हेलमेट जागरूकता से जुड़ा कोई प्रभावी गाना नहीं मिला, तो मैंने खुद इसे लिखने का निर्णय लिया। हमारा प्रयास है कि मनोरंजन के माध्यम से समाज में एक गंभीर संदेश दिया जा सके।”
इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और युवाओं में हेलमेट के महत्व को समझाना है।













